✍️ श्री अवध डाट काम पर खबरों के लिए संपर्क करें 9839627223
शोकसभा व शांति मार्च के माध्यम से दी गई भावभीनी श्रद्धांजली , आतंकवाद के खिलाफ उठी एकजुट आवाज़
ए के तिवारी
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर, देश की अखंडता व अस्मिता के प्रति अपनी अटूट निष्ठा को व्यक्त करते हुए बुधवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में वीरगति को प्राप्त हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विश्वविद्यालय के सरस्वती सदन सभागार में आयोजित शोकसभा की अध्यक्षता कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने की। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति हेतु सामूहिक प्रार्थना की गई।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने इस निर्मम आतंकी हमले को मानवीय मूल्यों पर आघात बताते हुए कहा कि यह न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा पर कुठाराघात है, बल्कि प्रत्येक देशवासी के हृदय को व्यथित करने वाली त्रासदी है। उन्होंने आतंकवाद के विरुद्ध जन-जागरूकता और राष्ट्रीय एकजुटता को समय की आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम में कुलसचिव महेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक विनोद कुमार सिंह, डीआर अमृत लाल, प्रो. मानस पाण्डेय, प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, प्रो. राकेश यादव, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नंद किशोर सिंह, महामंत्री रमेश यादव सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में आतंकी घटना की कठोर भर्त्सना की।
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में संकाय भवन से विश्वविद्यालय मुख्य द्वार तक शांति मार्च निकाला गया। तिरंगे के साथ निकले इस मौन जुलूस में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति और आतंकवाद के प्रति विरोध का सशक्त संदेश दिया।
शांति मार्च का संयोजन डॉ. शशिकांत यादव ने किया। इस अवसर पर प्रो. राजेश शर्मा, प्रो. राम नारायण, डॉ. एस.पी. तिवारी, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. अवधेश मौर्य, डॉ. नितेश जायसवाल, प्रो. प्रमोद कुमार यादव, डॉ. प्रमोद यादव, डॉ. अश्वनी कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
इस आयोजन के माध्यम से विश्वविद्यालय परिवार ने यह स्पष्ट किया कि राष्ट्र की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर सपूतों की स्मृति सदैव अमर रहेगी तथा देशवासी एकजुट होकर हर प्रकार के आतंक का डटकर प्रतिरोध करेंगे।

0 Comments