✍️ श्री अवध डाट काम पर खबरों के लिए संपर्क करें 9839627223
ए के तिवारीजौनपुर। तेज़ धूप और बढ़ती गर्मी से जूझ रहे यातायात पुलिसकर्मियों को राहत देने के उद्देश्य से जौनपुर पुलिस प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में यातायात पुलिस के लिए अस्थायी कनात टेंट/पुलिस बूथ की स्थापना की जा रही है, जिसकी शुरुआत मंगलवार को जेसीज चौराहे से की गई।
अस्थायी पुलिस बूथ का उद्घाटन अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री आयुष श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर प्रभारी यातायात श्री सुशील कुमार मिश्रा समेत अन्य अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।इस अस्थायी बूथ में पुलिसकर्मियों को गर्मी और हीट वेव से बचाव के लिए छाया की सुविधा के साथ-साथ शीतल पेय जल की व्यवस्था भी की गई है। बूथ में सुराही, घड़े और पानी के स्टैण्ड तथा मग भी रखे गए हैं, जिससे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी राहत महसूस कर सकें।
प्रशासन द्वारा जौनपुर शहर के दस प्रमुख चौराहों और तिराहों को चिन्हित किया गया है, जहां इस प्रकार के अस्थायी टेन्ट लगाए जाएंगे। जेसीज चौराहे पर टेन्ट लगने के बाद अब शेष नौ चौराहों पर भी यह कार्य जल्द ही पूरा किया जाएगा।
जिन स्थानों पर टेन्ट लगाए जाएंगे, उनमें पचहटिया तिराहा, वाजिदपुर तिराहा, पालिटेक्निक चौराहा, शाहगंज पड़ाव, मछलीशहर पड़ाव, बदलापुर पड़ाव, कोतवाली तिराहा, सद्भभावना तिराहा और अटाला तिराहा शामिल हैं।
यह पहल जहां एक ओर गर्मी में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों की कार्य स्थितियों को सहज बनाएगी, वहीं दूसरी ओर आम जनता के लिए भी पुलिस की संवेदनशीलता का संदेश देगी।

0 Comments