अनियंत्रित होकर पलटी कार, किन्नर की मौत चालक घायल

 ✍️ श्री अवध डाट काम पर खबरों के लिए संपर्क करें 9839627223

मुंगराबादशाहपुर/जौनपुर-- प्रयागराज मार्ग पर पाण्डेयपुर में रविवार सुबह अनियंत्रित होकर कार पलटने से कार सवार एक किन्नर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई वहीं चालक बुरी तरह से जख्मी हो गया उसकी  हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

स्थानीय थाना क्षेत्र के सराय रूस्तम गांव की रहने वाली 29 वर्षीय किन्नर अंजली मूल रुप से आसाम की रहने वाली थी । वह करीब 16 वर्षों से मुंगराबादशाहपुर में शकीला किन्नर के साथ रह रही थी । शनिवार की शाम को वह अपने निजी अर्टिगा कार से प्रयागराज गई थी । रविवार की सुबह करीब चार बजे लौटते समय प्रयागराज मार्ग पर पांडेयपुर गांव के पास कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इस हादसे में अर्टिगा में सवार किन्नर अंजली वाहन के नीचे आ गई जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि चालक 28 वर्षीय अंबुज मौर्य पुत्र बेद प्रकाश मौर्य निवासी कोदहू गम्भीर रूप से घायल हो गया । घटना के पश्चात आस पास के लोग मदद के लिए दौड़े लेकिन तब तक किन्नर अंजली की मौत हो चुकी थी। अंबुज मौर्य को सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चालक की हालत नाज़ुक बताईं जा रही है।

इस संबंध में मुंगराबादशाहपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि वाहन खाई में पलटने से किन्नर की मौत हो चुकी है जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments