एक बूंद पानी के लिए तरस रही सरकारी अस्पताल नगर पंचायत कटरा गुलाब सिंह में निर्मित पानी टंकी

 विधायक श्री जीतलाल पटेल के अथक प्रयास के बाद भी नहीं हुई सरकार की कृपा वृष्टि 


डॉ अशोक अग्रहरि 

प्रतापगढ़:-  जिले के नगर पंचायत कटरा गुलाब सिंह सरकारी अस्पताल में निर्मित पानी की स्वयं की दुर्दशा पर आंसू बहाने के लिए एक बूंद पानी को तरस रही है। क्षेत्रीय विधायक जीत लाल पटेल भी प्रतापगढ़ से लेकर लखनऊ तक खूब प्रयास किया लेकिन सरकार ने उक्त अस्पताल की पानी टंकी के लिए किसी भी प्रकार की कृपा वृष्टि करने की भूल नहीं की है।

क्षेत्र का दुर्भाग्य कब खत्म होगा, यह यक्ष प्रश्न इलाकाई समाजसेवियों, जागरूक नागरिकों ही नहीं, बल्कि ज़रूरतमन्द मरीज के तीमारदारों को भी जब तब झकझोरता है, मगर स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार, जनप्रतिनिधि खबर प्रकाशित होने पर एक बार गहरी निद्रा से जागते जरूर हैं, मगर फिर सो जाते हैं।

कुछ ऐसा ही दो महीने पहले भी हुआ,जब स्थानीय विधायक श्री जीतलाल पटेल से मीडिया ने सवाल दागा था, इत्तफाक था कि वो उस समय विधानसभा की कार्रवाई में भाग लेने के लिए लखनऊ में ही थे, वहीं से उन्होंने सी यम ओ प्रताप गढ़ को फोन पर निष्प्रयोज्य पड़ी टंकी, लगे सबमर्सिबल पम्प के बारे में जानकारी ली, उन्होंने अगले दिन मुख्यालय से कर्मचारी भेजकर टंकी तथा सबमर्सिबल पम्प की जानकारी ही नहीं बल्कि विभाग से दुरुस्त करवा चालू करवाने का वादा किया था, मगर फिर वही ढाक के तीन पात, जबकि सन्निकट भीषण गर्मी सुरसा की तरह मुंह बाये खड़ी है।

जे पी कौशल, मोहम्मद सईद, राजेश यादव, राम बालक, राकेश यादव, मोहम्मद रशीद, उत्तम कौशल, तारा चंद कौशल,संजय कौशल,भोला यादव आदि ने जिलाधिकारी, स्थानीय विधायक के साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग किया है कि एक तरफ सरकार जल जीवन मिशन जैसी महत्वाकांक्षी योजना जोर शोर चला रही है,दूसरी तरफ अस्पताल कैम्पस में बनी पानी की टंकी सरकार की नीतियों को मुंह चिढ़ा रही है, अतिशीघ्र पानी की टंकी चालू नहीं हुई तो एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मुख्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपकर पानी की टंकी चालू कराने की पुरजोर मांग करेगा।

Post a Comment

0 Comments