सम्भल: उपद्रवियों द्वारा पुलिस टीम पर फेंके गए ईट पत्थर से बनेंगी तीन पुलिस चौकियां

 

संभल/जौनपुर :-  यूपी के संभल में नवंबर महीने में हुई हिंसा के दौरान उपद्रवियों द्वारा पुलिस पर फेंके गए ईंट-पत्थरों से सरकार ने पुलिस चौकी बनाने का निर्णय लिया है। पुलिस प्रशासन ने इन पत्थरों और ईंटों को इकट्ठा कर तीन नई पुलिस चौकियों के निर्माण में लगाने का फैसला किया है।

नवंबर में हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया था, जिससे सड़कों और छतों पर भारी मात्रा में ईंट-पत्थर इकट्ठे हो गए थे। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर लगभग छह ट्रॉली ईंट-पत्थर बरामद किए थे। अब इन्हीं ईंटों का इस्तेमाल दीपा सराय, हिंदुपुरा खेड़ा और गांव खग्गुपुरा में पुलिस चौकियां बनाने के लिए किया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों ने माना कि इन ईंटों को बेकार नहीं जाने दिया जाएगा इसलिए चौकी भवन की नींव में इन्हीं ईंटों का उपयोग किया गया है। हालांकि, पूरी संरचना के लिए अतिरिक्त नई ईंटों की जरूरत भी पड़ रही है, जिन्हें मंगवाया गया हैं।

दीपा सराय में चौकी की नींव का काम पूरा हो चुका है और जल्द ही ढांचा खड़ा किया जाएगा। अन्य दो चौकियों के लिए भी निर्माण सामग्री पहुंचाई जा रही है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल संसाधनों का सदुपयोग होगा, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।

Post a Comment

0 Comments