बिमलेश पाठक
जौनपुर। जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गजना गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में रिहायशी छप्पर में आग लगने से विकलांग महिला झुलस गई तथा छप्पर में रखा गया गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार दिन के लगभग 11:30 बजे शाहजहा बेगम उम्र लगभग 40 वर्ष पत्नी मोबीन अहमद लगभग 15 दिन पूर्व अपनी पथरी का ऑपरेशन कराएं जाने के कारण इस उक्त रिहायशी छप्पर में लेट कर आराम कर रही थी। अचानक आग लग जाने के कारण वह उसमें से बचकर निकल नहीं पाई और बुरी तरह से झुलस गई। किसी तरह से स्थानीय ग्रामीणों ने आग को बुझाने के बाद महिला को बाहर निकाला लेकिन तब तक वह काफी जल गई थी। परिजनों द्वारा उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है । जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रही इस महिला के परिजनों ने बताया कि वह गूंगी बहरी भी है। आग किस तरह से लगी हुई है इस बात की जानकारी परिजनों को नहीं हो सकी है। परिजन आशंका जाता रहे हैं कि किसी शरारती तत्वों द्वारा आग लगाई गई है। आग लगने के कारण उसमें रखा गृहस्थी का सारा सामान भी जलकर राख हो चुका है।

0 Comments