✍️ समाचार एवं विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें - 9839627223
वीरेंद्र कुमार बिन्दु
प्रयागराज :- थरवई थाना क्षेत्र में नकली मोबिल और ऑटो पार्ट्स की बिक्री की सूचना पर कंपनी के ऑपरेशनल मैनेजर थरवई पुलिस की संयुक्त टीम ने दुकानों पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली मोबिल ऑटो पार्ट्स बरामद किए। इस दौरान तीन दुकानों से कुल 81 लीटर नकली मोबिल कैस्ट्रोल एक्टिव (900 एमएल पैक) और लाखों रुपए के टीवीएस कंपनी के नकली ऑटो पार्ट्स बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थरवई थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर चौराहा स्थित छवि राम ऑटो सर्विस (प्रो. छवि राम यादव, निवासी कुसुगुर), राजू ऑटो गैरेज (प्रो. राजू केसरवानी, निवासी गारापुर बाजार) और सनी ऑटो पार्ट्स (प्रो. विजय कुशवाहा, निवासी तकिया तिराहा) पर मंगलवार शाम 5:00 बजे छापेमारी की गई। छापे में टीवीएस कंपनी के नकली हैंडल लॉक, क्लच प्लेट, ब्रेक शू, टाइमिंग चेन सहित कई ऑटो पार्ट्स बरामद हुए।
टीवीएस कंपनी के ऑपरेशनल मैनेजर देवेंद्र प्रताप सिंह और पीयूष कुमार ने थरवई पुलिस को सूचना दी थी कि क्षेत्र में नकली ऑटो पार्ट्स बेचे जा रहे हैं। सूचना पर इंस्पेक्टर अरविंद कुमार गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। छापे के दौरान बड़ी मात्रा में नकली सामान जब्त किया गया।
कंपनी के मैनेजर देवेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तीनों दुकानदारों के खिलाफ थरवई थाने में एफआईआर दर्ज की है। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि ये नकली ऑटो पार्ट्स कहां से लाए गए थे और इसमें कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

0 Comments