दिन भर हर हर महादेव के नारे से गूंजता रहा श्री गौरीशंकर धाम
सुजानगंज,जौनपुर :- श्री गौरीशंकर धाम सुजानगंज में बुधवार को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सुबह चार बजे मन्दिर के कपाट खुलते ही भक्तों द्वारा भूत भावन भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजन अर्चन शुरू कर दिया जो देर शाम तक चलता रहा। मन्दिर परिसर की तरफ आने वाले हर मार्ग पर भक्तों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा जिसके कारण मन्दिर परिसर में दिन भर भक्तों की लम्बी कतार लगी रही। हर हर महादेव का जयकारा लगाते हुए लाइन में लगे श्रद्धालुओं ने शिव जी को जल, बेलपत्र, धतूर, गाय का दूध, भांग, काला तिल, गंगाजल, और पुष्प अर्पित कर भक्ति भावना के साथ पूजा अर्चना करते हुए श्रद्धालुओं ने भगवान का जलाभिषेक किया । शिव भक्तों की लंबी कतारें देखते हुए पुलिस प्रशासन भी चुस्त दुरुस्त दिखी। सी सी टी वी कैमरे से पूरे मंदिर परिसर की निगरानी की जा रही थी। सुरक्षा की दृष्टि से सुजानगंज के साथ साथ आसपास के थानों से पुलिस बल मौजूद रही। थानाध्यक्ष सुजानगंज राजीव मल्ल ने कहा कि हमारी पुलिस की टीम पूरे मेला क्षेत्र में पैदल निगरानी कर रही है जिससे किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न होने पाए और हर तरीके से प्रशासन लगा हुआ है। मंदिर के प्रबन्धक सुधीर तिवारी ने बताया कि भोर से ही श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आ रहें हैं और लगभग एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया, हमारी मंदिर समिति लगी हुई है हर प्रकार से निगरानी की जा रही है। मन्दिर परिसर में साफ सफाई के दृष्टिकोण से दो शिफ्ट मे सफाई कर्मचारी और ग्राम विकास अधिकारी भी लगे हुए हैं।
श्री गौरीशंकर धाम में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजन करने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही राज्य सभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी, पूर्व विधायक सुषमा पटेल, दिनेश कुमार मिश्र (मुन्ना) सहित सैकड़ों गणमान्य भी भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजन अर्चन किया।


0 Comments