लालगंज, प्रतापगढ़। अधिवक्ता संशोधन विधेयक 2025 के मसौदे को लेकर वकीलों ने मंगलवार को यहां जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने न्यायिक कामकाज का बहिष्कार कर तहसील गेट को बंद करा दिया। वही वकीलों ने मसौदे के खिलाफ नेशनल हाइवे पर भी नारेबाजी कर आक्रोश जताया। संयुक्त अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विभाकर नाथ शुक्ल तथा महामंत्री सूर्यकांत निराला की अगुवाई में वकीलों का घंटो विरोध प्रदर्शन देखा गया। इसके चलते नेशनल हाइवे पर काफी देर तक वाहनों का आवागमन बाधित दिखा। आल इण्डिया रूरल बार एसोशिएसन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने कहा कि सरकार जब तक मसौदे को वापस नही लेती यह आंदोलन जारी रहेगा। संचालन पूर्व अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश व संयोजन पूर्व अध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्र ने किया। इस मौके पर संतोष पाण्डेय, धीरेन्द्र मिश्र, नीरज सिंह, राहुल मिश्र, राजेश दुबे, विपिन शुक्ल, मनोज शुक्ला, केबी सिंह, लाल अंकित प्रताप सिंह, अनूप पाण्डेय, विनय शुक्ल, प्रभाकर पाल, प्रवीण शुक्ला, दीपेन्द्र तिवारी, के के शुक्ला, कुलदीप तिवारी आदि अधिवक्ता रहे।

0 Comments