श्रीराम कथा स्थल जयप्रभा गांव पहुंच कर डीएम ली व्यवस्थाओं की जानकारी

श्री अवध डाटकाम    9839627223    

रिपोर्ट -रंजीत तिवारी 

इटियाथोक/ गोंडा :-  स्थानीय क्षेत्र के जयप्रभा ग्राम में होने जा रही नौ दिवसीय श्रीराम कथा को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह नजर आ रहा है। 17 से 25 नवंबर तक चलने वाले इस भव्य आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

कथा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, योग गुरु स्वामी रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आगमन की संभावना के बाद प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

बुधवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन जिला प्रशासन की टीम के साथ कथा स्थल पहुंचीं और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पंडाल, मंच, श्रद्धालुओं के बैठने की जगह, आने-जाने के रास्ते, पार्किंग, पीने के पानी, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, हेलीपैड और अतिथि गृह को देखा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सारी तैयारियां समय पर पूरी हो जानी चाहिए।

यह कथा चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, पं. दीनदयाल शोध संस्थान, जयप्रभा ग्राम महाराजगंज के प्रांगण में परम पूज्य श्री राजन जी महाराज के मुख से सुनाई जाएगी। आयोजन महंत आलोक दास महाराज के सानिध्य में हो रहा है। कथा में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।


निरीक्षण के समय मेंहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, एसडीएम सदर जितेंद्र गौतम और खंड विकास अधिकारी विजय मिश्रा भी मौजूद रहे।


कथा आयोजक महंत आलोक दास महाराज ने बताया कि 20 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कथा में आने का आश्वासन मिला है। उनके साथ स्वामी रामदेव भी मौजूद रहेंगे। वहीं 17 नवंबर को कथा के पहले दिन पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।


उन्होंने बताया कि कथा के दौरान अवधेशानंद गिरि जी महाराज, महंत नृत्य गोपाल दास जी महाराज, चिदानंद सरस्वती मुनि जी महाराज सहित कई संतों और धर्माचार्यों का सानिध्य मिलेगा।


महंत आलोक दास के अनुसार 26 और 27 नवंबर को दो दिन का विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसके बाद 28 नवंबर को सुबह 8 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।


विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने कहा कि संतों के सानिध्य में प्रभु श्रीराम की कथा सुनना क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का लाभ लेने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments