श्री अवध डाटकाम 9839627223
पांचू पुरवा में सड़क न बनने से ग्रामीण परेशान, बरसात में एंबुलेंस तक पहुंचना मुश्किल
रिपोर्ट - दिलीप सिंह
इटियाथोक/ गोंडा :-- जिले के इटियाथोक विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत विशुनपुर तिवारी के पांचू पुरवा में सड़क निर्माण की मांग को लेकर अवधेश तिवारी बजरंगी पिछले तीन दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। भूख हड़ताल को समर्थन देने के लिए ग्रामीण भी मौके पर जुट रहे हैं। हालांकि, प्रदर्शनकारियों के अनुसार, अब तक जिला प्रशासन या लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पांचू पुरवा में सड़क नहीं बनने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बरसात के दिनों में स्थिति और भी कठिन हो जाती है। खराब रास्ते के कारण एंबुलेंस के गांव तक पहुंचने में दिक्कत होती है, वहीं बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी परेशानी उठानी पड़ती है।
इस संबंध में अवधेश तिवारी बजरंगी ने बताया कि जब तक शासन-प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण की समस्या पर कार्रवाई का आश्वासन नहीं देता, तब तक उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सड़क न बनने से ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं और उनकी समस्या का समाधान होना जरूरी है।
अवधेश तिवारी बजरंगी के साथ क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों के भूख हड़ताल में शामिल होने की बात कही गई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क के अभाव में ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों से लेकर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं तक में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
अवधेश तिवारी ने कहा कि भूख हड़ताल के कारण यदि उनके स्वास्थ्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है, तो इसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें शासन-प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण की समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाते हैं।

0 Comments