श्री अवध डाटकाम 9839627223
रंजीत तिवारी
इटियाथोक/ गोंडा :- श्री रामलीला प्रबंध समिति, करूवापारा द्वारा आयोजित 64वें वर्ष की श्री रामलीला के चौथे दिन सीता स्वयंवर में श्रीराम ने जैसे ही धनुष तोड़ा पूरा पण्डाल जय श्री राम के उद्घोष से गुंजायमान हो गयाऔर श्रीराम विवाह की लीला ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मिथिला में सीता स्वयंवर का भव्य मंचन हुआ। स्वयंवर में आए रावण और बाणासुर के घमंड भरे संवादों से पंडाल में सन्नाटा छा गया, लेकिन जैसे ही प्रभु श्रीराम ने भगवान शिव के विशाल धनुष को उठाकर तोड़ा, पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद परशुराम-लक्ष्मण के तीखे और हास्य-व्यंग्य से भरे संवाद ने दर्शकों को खूब हंसाया और तालियां बटोरीं। लीला के अंत में वैदिक मंत्रोच्चार और मंगल गीतों के बीच प्रभु श्रीराम सहित चारों भाइयों के विवाह का अलौकिक दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसे देख श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
पात्र परिचय में प्रभात पांडेय (राम), आकाश तिवारी (लक्ष्मण), राजीव शुक्ला (विश्वामित्र), काशी प्रसाद ओझा (रावण), लवकुश तिवारी (परशुराम), पीताम्बर धारी (बाणासुर) और ओम प्रकाश (राजा जनक) की भूमिका में रहे।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष काशी प्रसाद ओझा, उपाध्यक्ष राजेश ओझा, राजीव शुक्ला, महामंत्री अनिल मिश्रा, डायरेक्टर राजमणि पांडेय सहित सैकड़ों श्रद्धालु और समिति के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 Comments