20 अक्टूबर को होगा रावण दहन और विशाल मेला
रिपोर्ट - दिलीप सिंह
इटियाथोक, गोंडा। विकासखंड क्षेत्र के अयाह गांव स्थित मात कोटरा मंदिर परिसर में सोमवार की देर रात रामलीला का भव्य शुभारंभ हुआ। धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच आयोजित कार्यक्रम में जय श्रीराम और जय माता दी के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। रामलीला के मंचन को देखने के लिए ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवियों एवं क्षेत्र के संभ्रांत जनों ने फीता काटकर तथा मां की आरती उतारकर किया। इसके बाद रामलीला मंडली के कलाकारों ने नारद मोह और रावण तप का शानदार मंचन प्रस्तुत किया। कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को धार्मिक प्रसंगों से रूबरू कराया। देर रात तक मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
आयोजन के मुखिया एवं अयाह गांव निवासी संतोष मिश्रा ने बताया कि मात कोटरा मंदिर परिसर में इस वर्ष रामलीला का चौथा साल है, जबकि इसी मंदिर पर दुर्गा पूजा का आयोजन लगातार 14वें वर्ष किया जा रहा है। खास बात यह है कि रामलीला में अभिनय करने वाले सभी पात्र और वादक इसी गांव के निवासी हैं। ग्रामीणों के सहयोग से इस धार्मिक आयोजन को भव्य रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रामलीला के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक मूल्यों को संरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और संस्कारों को जानने का अवसर मिलता है। आयोजन में ग्रामीणों की सहभागिता गांव की धार्मिक एकता और सामाजिक सद्भाव को भी मजबूत कर रह
आयोजक मंडल के अनुसार रामलीला का समापन 20 अक्टूबर को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ होगा। इस दिन दोपहर एक बजे से अयाह गन्ना तौल केंद्र पर विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा, जहां रावण दहन का कार्यक्रम भी संपन्न होगा। इसके बाद रात में मात कोटरा मंदिर परिसर स्थित मंच पर भगवान श्रीराम के राजतिलक का मंचन किया जाएगा।
रामलीला के शुभारंभ के साथ ही गांव में उत्सव जैसा माहौल है। ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता का संदेश दे रहा है।

0 Comments