अतिवृष्टि और बाढ़ से बर्बाद हुई खरीफ की फसल, किसान संघ ने सीएम योगी से की मुआवजे की मांग

      श्री अवध डाटकाम    9839627223

छोटे किसानों पर भुखमरी और कर्ज का संकट - राजेश सिंह चौहान 

रिपोर्ट - रंजीत तिवारी 


लखनऊ/गोंडा :--  उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में लगातार हो रही अतिवृष्टि और बाढ़ से किसानों को हुए भारी नुकसान को लेकर अखिल भारतीय किसान संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर फसल क्षति का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

दिनांक 28 सितंबर 2026 को लिखे गये पत्र में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि विगत कुछ दिनों से पूर्वांचल, तराई और बुंदेलखंड के जिलों में अत्यधिक बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। लगातार जलभराव से खेतों में खड़ी खरीफ की पूरी फसल बर्बाद हो गई है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि इस अतिवृष्टि से मूंग, उड़द, अरहर, तिल, ज्वार-बाजरा और सब्जी वर्गीय फसलों को अपार क्षति पहुंची है। कई स्थानों पर फसलें खेत में ही सड़ गई हैं। जिससे कर्ज लेकर खेती करने वाले छोटे और सीमांत किसानों के सामने भुखमरी और कर्ज के बोझ का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

संघ ने निम्न तीन मांगों क्रमशः 1. बाढ़ प्रभावित जनपदों में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम भेजकर फसल क्षति का तत्काल और पारदर्शी सर्वे कराया जाए, 2. जिन किसानों की 33 प्रतिशत से अधिक फसल नष्ट हुई है, उन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और राज्य आपदा राहत कोष से शीघ्र मुआवजा दिया जाए, 3. प्रभावित किसानों के फसली ऋण की वसूली पर रोक लगाते हुए ब्याज माफी पर विचार किए जाने को लेकर एक पत्र मुख्यमंत्री जी को लिखा है।

श्री चौहान ने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि किसान हितैषी होने के नाते आप अन्नदाता की पीड़ा को अवश्य समझेंगे और त्वरित कार्यवाही करेंगे। इस पत्र की प्रतिलिपि कृषि मंत्री उत्तर प्रदेश, प्रमुख सचिव कृषि विभाग एवं जिलाधिकारी को भी प्रेषित की गई है।

Post a Comment

0 Comments