गणपति बप्पा के जयकारों से गुंजायमान हुआ इटहा, रासलीला मंचन देखने उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़

         श्री अवध डाटकाम   9839627223


रिपोर्ट - विजय बाजपेयी 

नानपारा/बहराइच :- जिले के कोतवाली नानपारा क्षेत्र के ग्राम पंचायत इटहा स्थित ऐतिहासिक ठाकुरद्वारा परिसर में गणेश जन्मोत्सव की धूम मची हुई है। 14 सितंबर से शुरू हुआ यह धार्मिक महोत्सव क्षेत्र में अपार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं। महोत्सव के तहत प्रतिदिन शाम को विधि-विधान से गणपति बप्पा की भव्य महाआरती की जाती है। इसके पश्चात बाहरी जनपदों व धार्मिक स्थलों से आए सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा मनमोहक रासलीला का मंचन किया जा रहा है। भगवान श्री कृष्ण और राधा रानी के जीवंत प्रसंगों तथा भजनों की प्रस्तुति देखकर दर्शक भावविभोर हो उठते हैं। रासलीला के मंचन के दौरान पूरा ठाकुरद्वारा परिसर खचाखच भरा रहता है और देर रात तक भक्ति गानों व जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान रहता है। गणेश पूजा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 14 सितंबर से स्थापित गणेश प्रतिमा का नियमित पूजन-अर्चन व आरती की जा रही है। महोत्सव का समापन 25 सितंबर को होगा, जब गाजे-बाजे और भव्य शोभायात्रा के साथ गणेश प्रतिमा को इंटहा घाट ले जाया जाएगा और पूरे आदर व भक्तिभाव के साथ सरयू नदी में विसर्जित किया जाएगा।कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में गणेश पूजा समिति के पदाधिकारी राम सहारे, सोनू सोनी, अतुल, रवि कौशल, माता प्रसाद पाल सहित समिति के सभी सदस्यों का सराहनीय और पूर्ण सहयोग बना हुआ है। वहीं, भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नानपारा कोतवाली पुलिस लगातार सतर्क नजर आ रही है। परिसर में पुलिस बल की तैनाती से कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो रहा है।

Post a Comment

0 Comments