बदलापुर में रेलवे क्रासिंग फ्लाईओवर निर्माण में तेजी के लिए हुआ रूट डायवर्ट

           श्री अवध डाटकाम   9839627223

रिपोर्ट - कुलदीप विश्वकर्मा 


जौनपुर :-- जिले के बदलापुर-प्रयागराज मार्ग पर स्थित श्री कृष्णानगर रेलवे स्टेशन के पश्चिम भलुआही रेलवे क्रॉसिंग (समपार 23-सी) पर बन रहे 38 करोड़ रुपये के फ्लाईओवर निर्माण की राह अब पूरी तरह साफ हो गई है। लगातार वाहनों की आवाजाही से बाधित हो रहे निर्माण कार्य को गति देने के लिए मुख्य मार्ग को बंद कर दिया गया है और यातायात को वैकल्पिक रास्तों की ओर मोड़ दिया गया है। ट्रैफिक का दबाव खत्म होने से निर्माण कार्य में तेजी आएगी। जफराबाद-सुल्तानपुर रेलखंड पर स्थित श्री कृष्णानगर रेलवे क्रॉसिंग पर ₹38 करोड़ की लागत से टू-लेन फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। व्यस्त मार्ग होने के कारण दिन-रात वाहनों की आवाजाही बनी रहती थी, जिससे निर्माण स्थल पर भारी मशीनरी स्थापित करने और कंक्रीट कार्य में भारी समस्या आ रही थी। स्थानीय विधायक रमेशचंद्र मिश्र द्वारा रेलवे व कार्यदाई संस्था के अधिकारियों से वार्ता के बाद रेलवे के सुझाव पर मुख्य मार्ग को बंद करने का निर्णय लिया गया।

वैकल्पिक मार्गों को किया गया दुरुस्त । मुख्य मार्ग बंद करने से पूर्व यात्रियों व स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक रास्तों की मरम्मत कराई गई है। वाहनों की सुगम आवाजाही के लिए निम्नलिखित वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं:

मार्ग 1: ऊसराबाजार-नेवढ़ा-मुखलिसपुर-कादेरेपुर मार्ग।

मार्ग 2: नगर-नहर पटरी- विठुआ कला रेलवे क्रॉसिंग-भलुआहीं-महाराजगंज मार्ग।

श्री कृष्णानगर रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन आवागमन के दौरान बार-बार फाटक बंद होने से प्रयागराज और जौनपुर की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भीषण जाम का सामना करना पड़ता था। इस फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने के बाद ट्रेनों की आवाजाही के दौरान वाहनों को नहीं रुकना पड़ेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

Post a Comment

0 Comments