बरामदे में सो रही वृद्ध महिला पर तेंदुए ने किया हमला, हालत गंभीर

 

         श्री अवध डाटकाम    9839627223

मोतीपुर / बहराइच :-- जिले के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाव के रेंज मोतीपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत महेशपुर के मजरा राजापुर गिरंट गांव में घर के बरामदे में सो रही बुजुर्ग महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर जागे परिजनों ने तेंदुए को भगाते हुए घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।

मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी जयकाला ( 81 वर्ष) अपने घर के बरामदे में सो रही थी इसी बीच जंगल से निकल कर आए तेंदुए ने रात 2:00 बजे के आसपास महिला पर हमला कर घायल कर दिया महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास सो रहे लोग जब जगे और हांका लगाया तब जाकर तेंदुआ खेत की ओर भाग गया। तेंदुए ने महिला के दोनों हाथ और पैर को बुरी तरह जख्मी कर दिया है कई स्थानों का मांस भी नोच ले गया। घायल महिला को तत्काल परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा में भर्ती कराया और सूचना वन विभाग को दी। महिला के शरीर में अधिक जख्म होने के चलते हालत गंभीर है जिससे प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल महिला को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया है।प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी  केके सिंह,डिप्टी रेंजर सत्य प्रकाश वर्मा के नेतृत्व में पहुंची वन कर्मियों की टीम ने मौके का मुआइना किया तथा घायल महिला के परिजनों को तत्काल पांच हजार रुपए की सहायता राशि दी। तेंदुए द्वारा महिला पर किए गए हमले के बाद से क्षेत्र के लोगों में दहशत है ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में वन विभाग की गस्त नाम मात्र के लिए होती है क्षेत्र में वनकर्मियों का आवागमन भी कभी कभार होता है यदि वन विभाग गस्त बढ़ाए और सतर्कता बरते तो शायद तेंदुए का हमला रोका जा सकता है। आपको बताते चले कि मोतीपुर रेंज के अंतर्गत दौलतपुर गांव में सोमवार की देर रात वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक नर  कैद हुआ था ।जहां से तेंदुआ कैद हुआ है वहां से आज हुई घटना की दूरी महज 2 से 3 किलोमीटर की है इससे अनुमान लगाया जाता है कि नर के पकड़े जाने के बाद मादा तेंदुआ खूंखार हो गई है और उसने अचानक महिला पर हमला करके बुरी तरह से जख्मी कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।

डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है मौके पर वन विभाग की टीम मौजूद है पीड़ित को पांच हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।

Post a Comment

0 Comments