माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन) ने अपर शिक्षा निदेशक से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन


श्री अवध डाटकाम     9839627223

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन) के प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल नवागत अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक श्री कामता राम पाल से शिष्टाचार मुलाकात करते हुए शिक्षक-कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान के लिए एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एनपीएस से ओपीएस में आच्छादित शिक्षक-कर्मचारियों की एनपीएस कटौती की संपूर्ण धनराशि ब्याज सहित उनके जीपीएफ खातों में शीघ्र स्थानांतरित करने, सातवें वेतन आयोग की चयन एवं प्रोन्नति वेतनमान संबंधी विसंगतियां दूर करने, एरियर भुगतान की स्पष्ट व्यवस्था निर्धारित करने, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड अधिनियम, 1982 की धारा-21 को नवगठित शिक्षा सेवा चयन आयोग में यथावत शामिल करने, कार्यवाहक प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक को वित्तीय लाभ देने तथा सहायता प्राप्त माध्यमिक शिक्षकों के लिए कैशलेश चिकित्सा सुविधा शीघ्र लागू करने की मांग की गई।

इसके बाद प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने वित्त नियंत्रक से भेंट कर ज्ञापन देते हुए एनपीएस की धनराशि जीपीएफ खातों में स्थानांतरित करने में हो रही देरी पर वार्ता की। जिस पर वित्त नियंत्रक महोदय ने आश्वासन दिया कि उच्च अधिकारियों से आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त होते ही ब्याज सहित संपूर्ण धनराशि संबंधित शिक्षक-कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में स्थानांतरित कर दी जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. सत्य प्रकाश सिंह, मनोज तिवारी, हौशिला प्रसाद पाल, राम नारायण बिंद एवं विजय प्रकाश गौतम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments