श्री अवध डाटकाम 9839627223
जौनपुर :- लखनऊ के कोचिंग सेंटर हादसे के बाद जिला प्रशासन जिले में संचालित कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रिय हो गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने भारत लाइब्रेरी, दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट और सक्सेस पाठशाला का आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की पड़ताल की।निरीक्षण में दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट में फायर सेफ्टी, इलेक्ट्रिकल वायरिंग, फायर अलार्म और आपातकालीन निकास व्यवस्था में कई कमियां पाई गईं। संस्थान का मुख्य प्रवेश मार्ग बेसमेंट से होकर तीसरी मंजिल तक जाने के कारण आपात स्थिति में विद्यार्थियों की सुरक्षित निकासी को लेकर जिलाधिकारी ने गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित संस्थान को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित नहीं की जाएगी, लेकिन संस्थान से यह पूछा जाएगा कि वह किन मानकों और अनुमतियों के आधार पर संचालित हो रहा है। जांच रिपोर्ट और जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं सक्सेस पाठशाला में फायर सेफ्टी की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। यहां दो एग्जिट गेट, आपातकालीन निकास मार्ग, फायर फाइटिंग सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरण पूरी तरह क्रियाशील पाए गए। भारत लाइब्रेरी में भी कुछ कमियां मिलने पर संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले भर में संचालित कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और छात्रावासों का नियमित निरीक्षण किया जाए। बिना अनुमति या सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना संचालित संस्थानों के खिलाफ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
जिला प्रशासन के निर्देश पर शाहगंज, बदलापुर समेत अन्य तहसीलों में भी एसडीएम, क्षेत्राधिकारी और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमों ने बेसमेंट एवं संकुचित स्थानों में चल रहे कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। इस दौरान फायर सेफ्टी, विद्युत सुरक्षा, एंट्री-एग्जिट व्यवस्था और आपातकालीन निकास मार्गों की जांच कर संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि भवन निर्माण नियमों, अग्नि सुरक्षा मानकों और अन्य निर्धारित नियमों का पालन न करने वाले संस्थानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments