जौनपुर :- जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज में शनिवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब स्कूटी में पेट्रोल डालते समय अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर स्कूटी सवार दो सहेलियां गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, फरीन (28 वर्ष) पुत्री वसीम निवासी सरोखनपुर, बदलापुर तथा उसकी सहेली सीता (25 वर्ष) पुत्री राजेश चौहान निवासी रामदयालगंज, थाना लाइन बाजार आपस में घनिष्ठ मित्र हैं। फरीन मुंगराबादशाहपुर स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत है और छुट्टी के दौरान अपनी सहेली सीता से मिलने उसके घर आई थी।
शनिवार सुबह फरीन अपनी ड्यूटी पर लौटने के लिए स्कूटी से निकलने वाली थी। इसी दौरान स्कूटी का पेट्रोल समाप्त हो गया। घर में पहले से रखे पेट्रोल को वह स्कूटी में डाल रही थी, तभी अचानक आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से फरीन गंभीर रूप से झुलस गई। उसे बचाने के प्रयास में सीता भी आग की चपेट में आकर झुलस गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों युवतियों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

0 Comments