जौनपुर में गैस सिलेंडर से लगी आग में एक ही परिवार के 5 लोग झुलसे


जौनपुर :- जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शिवापार गांव में गुरुवार को गैस सिलेंडर लीक होने से लगी आग में एक ही परिवार के पांच लोग झुलस गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया तथा मौके पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्यवाही कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव में घरेलू गैस सिलेंडर का रेगुलर बदलते समय अचानक पाइप से गैस रिसाव शुरू हो गया और आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटों ने परिवार के सदस्यों को अपनी चपेट में ले लिया।इस हादसे में पति-पत्नी सहित उनके तीन बच्चे झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए आग पर काबू पाया और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से गैस सिलेंडर और रेगुलेटर का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने तथा गैस रिसाव की स्थिति में किसी भी प्रकार की आग या चिंगारी से दूर रहने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments