रिपोर्ट - अबू शहमा
फखरपुर (बहराइच)। फखरपुर थाना क्षेत्र में तीन दिन पुराने विवाद में शौच गए युवक को गांव के ही व्यक्ति ने मार- पीटकर अधमरा कर दिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पत्नी की तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के हैबतपुर पंडित पुरवा निवासी चेतराम (45) गुरुवार रात करीब 11 बजे शौच के लिए खेत में गए थे। वहां पहले से मौजूद गांव के हीरालाल पुत्र बद्री ने तीन दिन पहले हुए विवाद को लेकर चेतराम पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चेतराम खेत में ही गिर पड़े।
परिजन उन्हें अस्पताल ले गए जहां से बहराइच रेफर किया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह 7 बजे चेतराम की मौत हो गई। मृतक की पत्नी फूलमती की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी हीरालाल को हिरासत में ले लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थानाध्यक्ष संजीव चौहान ने बताया कि मारपीट के बाद इलाज के दौरान मौत हुई है। मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

0 Comments