कटरा रेंज में बेलगाम अवैध कटान: परमिट के बिना कटे आम, शीशम, सागौन; विभाग मौन

          श्री अवध डाटकाम  9839627223

रिपोर्ट - रंजीत तिवारी 


रुपईडीह / गोण्डा :-  शासन की सख्ती और वृक्षारोपण अभियानों के बावजूद कटरा रेंज में प्रतिबंधित पेड़ों की अवैध कटान रुकने का नाम नहीं ले रही है। लकड़ी ठेकेदारों की विभागीय कर्मियों से मिलीभगत के चलते फलदार और छायादार पेड़ धड़ल्ले से काटे जा रहे हैं। 

*तीन दिन पुराना मामला दबाया गया*  

तीन दिन पहले कटरा रेंज के अंतर्गत शिवगढ़ ग्राम पंचायत के मजरा नऊवन पुरवा में हरे आम, बेल, शीशम और सागौन के पेड़ बिना परमिट काटकर लकड़हारे उठा ले गए। ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद वन विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। 

*मऊशमशाबाद में भी दर्जनों सागौन साफ*  

इसी रेंज के मऊशमशाबाद गांव में सरयू नहर माइनर के किनारे लगे दर्जनों सागौन के पेड़ भी ठेकेदार बिना परमिट काटकर ले जा चुके हैं। आरोप है कि शिकायत के कई दिन बाद भी विभाग ने आंखें मूंद रखी हैं। 

*रात के अंधेरे में चलता है खेल*  

कटरा रेंज में गूलर, आम, पाकड़, नीम, सागौन जैसे प्रतिबंधित पेड़ रात में काटे जाते हैं। लकड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप से गोंडा-बलरामपुर हाईवे किनारे बनी लकड़ी टालों पर डंप की जाती है। वहां से ट्रक और डीसीएम में लादकर इसे दूसरे जिलों में भेज दिया जाता है। 

*वनकर्मियों की अनदेखी से बढ़े हौसले*  

वनरक्षक और वन क्षेत्राधिकारी की अनदेखी के चलते अवैध कटान का यह खेल दिन-रात चल रहा है। जिम्मेदारों की "खाऊ-कमाऊ" नीति से लकड़कट्टो के हौसले बुलंद हैं। बेखौफ ठेकेदार रोज अलग-अलग गांवों में पेड़ काटकर पर्यावरण के साथ सरकारी राजस्व को भी भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments