श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - प्रभात सिंह
हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी घटना
बरसठी / जौनपुर :- स्थानीय थाना क्षेत्र के हरद्वारी गांव स्थित जूनियर हाईस्कूल विद्यालय परिसर में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 20 वर्षीय युवक का शव बच्चों को खेलने के लिए लगे झूले से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मध्यप्रदेश के रीवा जिले के मूल निवासी सुमन गौतम का पुत्र संदीप गौतम अपने दादा मान्धाता गौतम और दादी कुसुम कली देवी के साथ काफी समय से हरद्वारी गांव में रह रहा था। वह टेंट हाउस में मजदूरी का कार्य करता था। उसका घर विद्यालय से सटा हुआ है। बताया जा रहा है कि सुबह गांव का एक व्यक्ति अपना खेत देखने गया था। लौटते समय उसकी नजर विद्यालय परिसर में बच्चों को खेलने के लिए लगे झूले से फंदे के सहारे लटक रहे युवक पर पड़ी। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक संदीप के पिता सुमन गौतम और मां साधना देवी मध्यप्रदेश में ही रहते हैं। संदीप दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई नौ वर्ष का है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन रो-रोकर बेहाल हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का शव काले फंदे के सहारे झूले से लटका हुआ था। दोनों पैर जमीन पर मुड़े हुए पड़े थे। नाक से खून निकला था, जबकि जीभ पूरी तरह काली पड़ गई थी। शव की स्थिति को देखकर मौके पर मौजूद लोग घटना को संदिग्ध मान रहे थे। वहीं मृतक की बुआ सोनी देवी ने गांव के ही एक व्यक्ति की लड़की से प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि दो दिन पहले इस मामले को लेकर संदीप के साथ मारपीट भी हुई थी। आरोप लगाया कि उन्हीं लोगों ने हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब छह बजे विद्यालय के आसपास कुछ संदिग्ध लोग घूम रहे थे।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर घटना को लेकर गांव में दिनभर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कोई इसे आत्महत्या तो कोई हत्या से जोड़कर देख रहा है। इस संबंध में थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments