समाजवादी संगठन ने हमेशा श्रीकृष्ण बनकर हमारा रथ संभाला : डॉ. रागनी सोनकर

 

          श्री अवध डाटकाम  9839627223

रिपोर्ट - प्रभात सिंह 

बरसठी /जौनपुर :-  स्थानीय क्षेत्र के निगोह बाजार से गोधना तक वर्षों से जर्जर पड़े बहुप्रतीक्षित मार्ग के निर्माण कार्य का शुक्रवार को क्षेत्रीय सपा विधायक डॉ. रागनी सोनकर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन एवं शिलापट्ट लोकार्पण किया। कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही बाजार में राजनीतिक सरगर्मी बनी रही। सड़क निर्माण की घोषणा से स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। भूमि पूजन के बाद आयोजित जनसभा में विधायक का कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मंच से सड़क निर्माण, क्षेत्रीय विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं, राजनीतिक विरोध और संगठनात्मक मजबूती को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। विधायक डॉ. रागनी सोनकर ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2022 से लेकर 2026 तक शायद ही कोई ऐसा दिन रहा हो जब उनकी गाड़ी इन बाजारों से न गुजरी हो। “अब चुनाव भी आने वाला है, लेकिन मेरा हमेशा प्रयास रहा कि सुख-दुख में अपने लोगों तक लगातार पहुंचती रहूं।” उन्होंने कहा कि मछलीशहर की ऐतिहासिक धरती ने एक कम उम्र की महिला डॉक्टर पर भरोसा जताकर उन्हें विधायक बनाया। मैं राजनीति में आई और मात्र 15 दिनों के भीतर यहां की जनता ने मुझे विधायक बनाकर सदन तक पहुंचा दिया। इसके लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने मेरी क्षमता पर भरोसा किया और मुझे नेतृत्व का अवसर दिया। सभा के दौरान विधायक ने सपा संस्थापक नेता जी मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने समाजवाद का वास्तविक अर्थ मानवता सिखाया है। “उन्होंने बताया कि जाति-पाति और धर्म से ऊपर अगर कुछ है तो वह मानवता है और उसी विचारधारा से समाजवादी पार्टी आती है।” विधायक ने कहा कि चुनाव के समय उन्हें बताया गया था कि निगोह, बेलवा, मीरगंज और गोधना जैसे बाजारों में वोट का बड़ा प्रभाव रहता है, लेकिन पिछले चार वर्षों में किसी ने उनके साथ भेदभाव नहीं किया। “हर बाजार में लोगों ने आंखों के इशारे और हाथ उठाकर भरोसा दिया कि आगे बढ़ो, हम साथ हैं। मैंने कभी किसी की जाति या धर्म नहीं देखा। हर किसी से मां, बहन, भौजाई और भाई का रिश्ता रहा।” उन्होंने दावा किया कि जिले की अन्य विधानसभाओं की तुलना में मछलीशहर में सबसे अधिक विकास कार्य हुए हैं। “जितनी सड़कें मछलीशहर में बनी हैं और जिस विजन के साथ हमने काम किया है, वह पूरे जिले में सबसे आगे है। इसका पूरा श्रेय यहां की जनता को जाता है, जिसने कभी पक्षपात नहीं किया।” सभा के दौरान विधायक ने संविधान और लोकतंत्र का जिक्र करते हुए कहा कि जनता की ताकत सबसे बड़ी ताकत होती है। “जनता बटन दबाकर विधायक बनाती है। विधायक बनने के बाद पार्टी से ऊपर संविधान होता है और संविधान की ताकत के आगे बड़े-बड़े लोगों को झुकना पड़ता है।” सड़क निर्माण को लेकर विधायक ने कहा कि इस मार्ग की स्वीकृति कई बार आई, लेकिन उसे निरस्त कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी क्षेत्र होने के कारण सड़क निर्माण में बाधाएं खड़ी की गईं। “करीब साढ़े सात किलोमीटर लंबी यह सड़क लगभग 11 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से बन रही है, जो मड़ियाहूं विधानसभा के रामपुर बाजार से निकलकर मछलीशहर के गोधना बाजार के अंतिम छोर तक जाएगी। लेकिन कई बार इसे आधे पर काट दिया गया। क्योंकि उधर सत्ता पक्ष के विधायक हैं और इधर हम विपक्ष में हैं। सदन में आवाज उठाने का परिणाम यह हुआ कि हमारी सड़क रोकने की कोशिश हुई।” विधायक ने कहा कि उन्होंने राज्यमंत्री से लेकर पीडब्ल्यूडी मंत्री और प्रमुख सचिव तक सभी को लगातार पत्र लिखे। “अगर मुझे विपक्ष का समझकर स्वीकृति रोकी जा रही है तो कम से कम उन लोगों के लिए सड़क बना दीजिए जिन्होंने भाजपा को वोट दिया होगा। लेकिन मछलीशहर की जनता ने जाति-धर्म नहीं बल्कि विकास और मानवता देखकर हमें चुना है।” उन्होंने निर्माण एजेंसी के ठेकेदारों और अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। “यह सड़क बड़ी मुश्किलों और संघर्ष के बाद स्वीकृत हुई है। जनता एक प्रतिशत भी खराब गुणवत्ता स्वीकार नहीं करेगी।” उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और लोगों से अपील की कि निर्माण कार्य में कहीं भी गड़बड़ी दिखे तो तुरंत जानकारी दें। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने बिना नाम लिए पार्टी विरोधियों पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से पहले शिलापट्ट तोड़ने तक की धमकियां दी गईं। “कहा गया कि शिलापट्ट तोड़ दिया जाएगा, कार्यक्रम नहीं होने दिया जाएगा। लेकिन हमने चुनौती स्वीकार की और कहा कि हम भूमि पूजन करने जाएंगे, जिसकी हिम्मत हो वह रोक कर दिखाए। जनता खुद जवाब देगी।” उन्होंने कहा कि राजनीति में आगे बढ़ने पर विरोध और ईर्ष्या स्वाभाविक है। “जब आप मेहनत करते हैं और आगे बढ़ते हैं तो कुछ लोग टांग खींचने लगते हैं। ऐसे में या तो आप लड़ने बैठ जाइए या मुस्कुराकर आगे बढ़ जाइए। हमने मुस्कुराकर आगे बढ़ना चुना है और क्षेत्र का विकास करते रहेंगे।” विधायक ने स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मछलीशहर सीएचसी में जल्द ही अत्याधुनिक नेत्र अस्पताल शुरू होगा, जिससे बुजुर्गों और दुर्घटना के बाद आंखों की रोशनी संबंधी समस्या से जूझ रहे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी आंखों की सर्जरी की व्यवस्था का भी प्लान तैयार हो चुका है।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही किडनी की बीमारियों को देखते हुए डायलिसिस सेंटर खोलने की तैयारी की जा रही है। “आज लोगों को इलाज के लिए जमीन और घर तक बेचना पड़ रहा है। हमारा प्रयास है कि मरीजों को बाहर न भटकना पड़े।” उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में कीमोथेरेपी सेंटर स्थापित करने की घोषणा भी की। विधायक ने कहा कि वर्तमान में पांच सौ से अधिक कैंसर मरीजों को करीब 20 करोड़ रुपये की सहायता दिलाई जा चुकी है। “कैंसर मरीजों को हर महीने दूसरे जिलों और प्रदेशों में न भागना पड़े। अगर कीमो सुविधा विधानसभा में शुरू हो गई तो यह मरीजों के लिए वरदान साबित होगी।” कार्यक्रम के अंत में विधायक ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा, “समाजवादी संगठन ने हमेशा श्रीकृष्ण बनकर हमारा रथ संभाला। सही सारथी ही रथ को सही दिशा देता है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से पीडीए के नारे को और मजबूत करने का आह्वान किया। वहीं, अपने संबोधन के दौरान उन्होंने हालिया एक विवादित टिप्पणी पर तंज कसते हुए कहा कि “दो दिन में ही सोशल मीडिया पर करोड़ों लोग जुड़ गए। जिन्हें कॉकरोच कहा जा रहा है, वही लोग अब जवाब भी देंगे।” कार्यक्रम के दौरान सड़क निर्माण को लेकर जहां समर्थकों में उत्साह दिखा, वहीं शिलापट्ट को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी होती रहीं। हालांकि मंच से किसी का नाम नहीं लिया गया।कार्यक्रम के अंत में बाजार निवासी रामकृपाल सेठ सहित अन्य बाजारवासियों ने सड़क निर्माण के साथ करीब एक किलोमीटर नाली निर्माण का भी प्रस्ताव रखा। लोगों का कहना था कि हल्की बारिश में ही बाजार में जलभराव की समस्या हो जाती है। ऐसे में नाली व्यवस्था के बिना सड़क निर्माण अधूरा साबित होगा। जिस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन सूर्यभान यादव ने किया। इस दौरान पीडब्ल्यूडी विभाग के एई आरके द्विवेदी, जेई धर्मेंद्र कुमार, मेठ रविंद्र कुमार, पूर्व प्रमुख अभिमन्यु यादव, महासचिव गुलाब बिंद, प्रधान राजकुमार गुप्ता, रहीश अहमद, राजेश यादव, अर्जुन यादव, राकेश यादव, रविंद्र कुमार यादव, संदीप दुबे, रोहित, संतलाल चौहान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments