फाल्ट ठीक करने खंभे पर चढ़ा था लाइनमैन, परिजनों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
बरसठी /जौनपुर :- स्थानीय थाना क्षेत्र के बरेठी गांव स्थित सरोज बस्ती के पास शनिवार शाम 11000 वोल्ट लाइन की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
कारो गहरपुर इमलिया गांव निवासी अशोक यादव संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे। शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त बिजली लाइन को ठीक करने के लिए वह खंभे पर चढ़कर काम कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने पावर हाउस से शट डाउन लेने के बाद ही मरम्मत कार्य शुरू किया था। आरोप है कि इसी दौरान अचानक हाईटेंशन तार में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट लगने के बाद अशोक यादव करीब एक मिनट तक तार से चिपके रहे और फिर नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग भारी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि मृतक परिवार के इकलौते कमाने वाला सदस्य था। परिवार में पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्र हैं। बच्चों की अभी शादी नहीं हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।
सूचना पर उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, नायब तहसीलदार अमित कुमार सरोज तथा प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मृतक के पुत्र शनि यादव ने आरोप लगाया कि एसएसओ से शट डाउन लिया गया था, इसके बावजूद लाइन चालू कर दी गई, जिससे उनके पिता की जान चली गई। परिजनों ने दोषी अधिकारियों के निलंबन और मुकदमा दर्ज किए जाने तक शव न उठाने की चेतावनी दी।
एहतियातन मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। समाचार लिखे जाने तक प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बावजूद परिजन मौके पर डटे रहे।

0 Comments