एसएसबी ने दो नेपाली तस्करों को सामान के साथ किया गिरफ्तार



बहराइच।सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए दो नेपाली तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में माल जब्त किया है।

59 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), नानपारा के जवानों ने सीमा पर सतर्कता का परिचय देते हुए भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया है। शनिवार की तड़के, सीमा चौकी (बीओपी) सालारपुर के जवानों ने एक विशेष अभियान के तहत दो नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया और उनके पास से अवैध रूप से नेपाल ले जाया जा रहा भारी मात्रा में सामान जब्त किया।

यह कार्रवाई खुफिया शाखा से प्राप्त विश्वसनीय इनपुट के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक (जीडी) चमन सिंह के नेतृत्व में पांच अन्य जवानों की एक विशेष नाका पार्टी का गठन किया गया और सीमा स्तंभ  संख्या 680 के निकट (भारतीय क्षेत्र में 50 मीटर अंदर) मोर्चा संभाला गया।

सुबह लगभग 04:50 बजे, नाका पार्टी ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को साइकिलों पर भारी बैग लादकर भारत से नेपाल की ओर जाते हुए देखा। जवानों द्वारा रुकने का संकेत दिए जाने पर दोनों व्यक्तियों ने मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि एसएसबी के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीछा कर दोनों तस्करों को धर दबोचा।पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान नेपाल के जिला बर्दिया के पवन कुमार लोध (उम्र 23 वर्ष) पुत्र बद्लू लोध, ग्राम अशापुर, वार्ड नं. आठ, थाना- गुलरिया, अश्वनी कुर्मी (उम्र 29 वर्ष) पुत्र शंकर कुर्मी, ग्राम अशापुर, वार्ड नं. 11, थाना- गुलरिया रूप में हुई ।

 तलाशी के दौरान तस्करों के पास से बड़ी मात्रा में घरेलू एवं अन्य सामान बरामद किया गया। जब्त किए गए मुख्य सामानों में 474 छाते, विभिन्न प्रकार के स्टील के बर्तन (टिफिन, पलटा, चाकू, छन्नी आदि), स्टैंड और कूलर फैन, 04 बोरी मटर (लगभग 120 किग्रा), टॉयलेट सीट और 02 साइकिलें शामिल हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस सामान को भारत के सालारपुर बाजार से खरीदकर मुनाफा कमाने के उद्देश्य से नेपाल ले जा रहे थे।गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों और मौके से जब्त किए गए सभी सामानों को आवश्यक विधिक और कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय, मिहींपुरवा के सुपुर्द कर दिया गया है। इस संबंध में विभागीय अधिकारी ने बताया कि एसएसबी सीमा पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों और तस्करी को रोकने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Post a Comment

0 Comments