महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने मेडिकल कॉलेज में मनाया कन्या जन्मोत्सव

        श्री अवध डाटकाम  9839627223

रिपोर्ट - मिथिलेश जायसवाल 

बहराइच  :--   उ.प्र. राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव ने जनपद के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान महर्षि बालार्क चिकित्सालय के एम.सी.एच. विंग का निरीक्षण कर महिलाओं को प्रदान की जा रही चिकित्सकीय सेवाओं एवं सुविधाओं, चिकित्सालय की साफ-सफाई का जायजा लिया। श्रीमती यादव ने वार्ड सं. 201, अल्ट्रासाउंड कक्ष व टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण करते हुए मौजूद चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टाफ तथा मरीजों एवं तीमारदारों से जानकारी प्राप्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एम.एम.एम. त्रिपाठी व प्रभारी प्राचार्य डॉ. मलिक शहनवाज़ को निर्देश दिया कि चिकित्सालय में आने वाली महिलाओं को शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायें। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. शिवांगी, कान, नाक गला रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.के. वर्मा, प्रबन्धक रिज़वान अली व जिला प्रोबेशन अधिकारी मो. खालिद मौजूद रहे। 

चिकित्सालय के निरीक्षण के उपरान्त “सशक्त बेटियां, सशक्त बहराइच” की थीम पर आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का उपाध्यक्ष श्रीमती यादव ने केक काटकर शुभारम्भ किया। श्रीमती यादव ने स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में जन्मी बेटियों को उपहार भेंट कर अभिभावकों को बेटियों के जन्म पर बधाई दी। इस अवसर पर श्रीमती यादव ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की तथा संतुलित आहार किट का वितरण भी किया। श्रीमती यादव ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं का आहवान किया कि महिलाओं एवं बालिकाओं के कल्याणार्थ प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। 

इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य ने कहा यह केवल उत्सव नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता का संदेश है कि बेटियां बोझ नहीं, अभिमान हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज बहराइच सदैव कन्या संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति समर्पित रहा है। इस अवसर पर ,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी बहराइच ,मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, पुलिस विभाग के अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, अन्य चिकित्सक, मीडिया प्रभारी, हॉस्पिटल मैनेजर, नर्सिंग अधीक्षिका तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments