जौनपुर :-- जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के सिरकोनी गांव में बुधवार को दिनदहाड़े एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर शव को करीब एक किलोमीटर दूर ले जाकर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार जलालपुर के संघईपुर गांव निवासी आशीष उर्फ चिघडू चौहान पुत्र अरविंद चौहान बंदीपुर गांव के पास स्थित शराब ठेके पर मौजूद था। इसी दौरान एक दर्जन से अधिक युवक वहां पहुंचे और उसे मारने के लिए दौड़ा लिए। आशीष जान बचाने के लिए सिरकोनी गांव की ओर भागा लेकिन हमलावरों के खौफ से लोग सहमे रहे और किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। बताया जाता है कि हमलावरों ने गांव के एक घर के पीछे बने मड़हे में उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव में शोर मचने पर हमलावर शव उठाकर बंदीपुर की ओर ले गए और हाईवे से जुड़ी सड़क पर फेंककर फरार हो गए।
सूचना पर थानाध्यक्ष गजानंद चौबे व उपनिरीक्षक सुजीत ओझा मय फोर्स मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा हमलावरों की तलाश की जा रही है।आशीष हत्या के एक मामले में आरोपी था और इन दिनों जमानत पर था और वह मड़ियाहूं स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। शायद हमलावरों ने बुधवार को उसके बंदीपुर आने की सूचना पर ही घटना को अंजाम दिया है।

0 Comments