महराजगंज/ जौनपुर :-- महराजगंज थाना क्षेत्र के कोईरीपुर गांव की दलित बस्ती में सोमवार सुबह घर पास एक युवती का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है। मृतका के चाचा की तहरीर के आधार पर पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी ब्यूटी पुत्री कमलेश गौतम का शव सोमवार को सुबह उसके घर से कुछ ही दूर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला । परिजनों का आरोप है कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई है और शव को घसीटकर घर के पास फेंका गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ- साथ सुजानगंज, सिंगरामऊ और बदलापुर थानों की पुलिस फोर्स तथा क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के चाचा अवधेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव ने बताया कि एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। गांव में इस घटना को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है। मृतका के पिता मुंबई में रहते हैं। ब्यूटी चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मां सावित्री देवी, चाची सुनीता और छोटे भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

0 Comments