जमीनी विवाद को लेकर जानलेवा हमला, आधा दर्जन गंभीर


श्री अवध डाटकाम   9839627223

आक्रोशित ग्रामीणों ने घंटों किया सड़क जाम

जौनपुर :-- जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला मीरपुर में जमीन हड़पने की नियत से एक पक्ष के युवक को घर बुलाकर उसपर जानलेवा हमला किया। बचाने के लिए गई महिलाएं और पुरुषों को भी पीटकर जख्मी कर दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शाहगंज बाईपास पर चक्का जाम कर विरोध जताया।

 मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह लगभग 8:30 बजे  सावन कुमार मौर्य उम्र लगभग 20 वर्ष पुत्र जय सिंह मौर्य अपने घर पर मौजूद थे। एक व्यक्ति चल रहे जमीनी विवाद को बातचीत से हल करके निपटा लेने के बहाने बुलाकर विपक्षी के घर ले गया। जैसे ही सावन दबंग विपक्षी के घर पहुंचा वैसे ही उसपर चाकू लाठी डंडे से हमला कर दिया। घटना की जानकारी जब सावन के परिजनों को लगी तो सभी लोग भाग कर वहां पहुंचे, जहां उनके पुत्र को बेरहमी से पीटा जा रहा था। परिजनों को देखकर दबंगों ने उनपर भी जानलेवा हमला कर दिया। मौके पर पहुंची सावन की मां किरण देवी नानी प्रेम देवी उम्र लगभग 75 वर्ष पत्नी शिवाजी मौर्य नीरज मौर्य पुत्र शिवाजी मौर्य धीरज मौर्य को भी पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायल जमीन पर गिरकर तड़प रहे थे। सूत्र बताते हैं कि जिस समय दबंग घटना को अंजाम दे रहे थे बड़ी संख्या में लोग तमाशाई बने देख रहे थे। दबंग घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। तब लोगों ने सभी घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल ले गये। दबंगों ने इतनी बुरी तरह से पीटा है कि किरण देवी का हाथ और पैर दोनों टूट गया है। इस घटना में घायल सभी लोगों की हड्डियां कहीं ना कहीं से टूट गई है। घटना के बारे में बताया गया है कि किरन देवी की माता प्रेम देवी के नाम एक कीमती जमीन है जिसको दबंग जबरदस्ती हथियाना चाहता है।

   पीड़ित किरण देवी का कहना है कि आज की घटना के पूर्व यह विवाद लगभग ढाई साल से चल रहा है। दबंगों द्वारा कई बार उसके परिवार पर हमला किया गया है जिसमें पुलिस द्वारा हल्की धाराओं में मामला दर्ज करने के कारण प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और आज घटना पुनः घटित हो गई। लगातार दबंगों द्वारा हो रही घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने चौकियां चौराहे शाहगंज जौनपुर मार्ग पर चक्का जाम कर विरोध जताया और दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। चक्का जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। फिलहाल यह कहना कुछ गलत नहीं होगा कि स्थानीय थाने की पुलिस और चौकियां पुलिस इस क्षेत्र में जमीनी विवाद में जमकर लाभ लेने के चक्कर में विवाद बढ़ाने में कुछ कम नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही सूबे के मंत्री गिरीश चंद यादव जो शहरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी हैं जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल चाल लिया। कुछ ही देर में जिलाधिकारी एसपी सिटी समेत कई पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंच गए। सभी अधिकारियों ने कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस घटना में घायल सावन कुमार मौर्य को गंभीर चोट लगने के कारण ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है। परिजनों का यह भी आरोप है की हमलावरों ने घायलों का मोबाइल फोन भी छीन लिया है और बाइक भी तोड़ दिया है। इस क्षेत्र में हो रही लगातार घटने से संपूर्ण क्षेत्रवासी दहशत के साए में जी रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments