रामपुर में मिले शव की शिनाख्त, हत्या का आरोपी गिरफ्तार

 


श्री अवध डाटकाम 9839627223

रामपुर/जौनपुर:-- रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आशापुर में सरसों के खेत में मिले शव की शिनाख्त करते हुए पुलिस ने मामले का तुरंत खुलासा करते हुए हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को आशापुर गांव में सरसों के एक खेत में एक शव बरामद होने की सूचना पुलिस को मिली। स्थानीय थाना पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट हुआ कि मृतक की ईंट से हमला कर हत्या की गई है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूर्ण कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया। मृतक की शिनाख्त बृजेश यादव पुत्र लालचन्द्र यादव निवासी ग्राम मेहदी, थाना सिकरारा, जनपद जौनपुर के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा त्वरित अनावरण के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस को पता चला कि मृतक का उसके मामा के लड़के रोहित यादव पुत्र स्वर्गीय दशरथ यादव निवासी तुलसी चक, जनपद भदोही से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर आवेशित रोहित यादव ने बृजेश यादव के सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी रोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के पिता लालचन्द्र यादव की तहरीर पर मु0अ0सं0-25/26 पंजीकृत किया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं ने बताया कि घटना का त्वरित अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा प्रकरण में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments