श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - मिथिलेश जायसवाल
बहराइच। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा मोतीपुर मे तैनात महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने अधीक्षक डॉक्टर थानेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनको हटाने की मांग की है।महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया है महिलाओं ने प्रदर्शन कर कार्यवाही की मांग की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा पर शनिवार को एएनएम व आशा बहुओं ने सीएचसी अधीक्षक के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करते हुए गंभीर आरोप लगाए और उनकी तत्काल गिरफ्तारी की माँग की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। शनिवार सुबह मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सीएचसी पहुँचने की सूचना पर बड़ी संख्या महिला स्वास्थ्य कर्मियों जिससे एएनएम और आशा बहुएँ केंद्र परिसर में एकत्र हो गईं और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान एएनएम रेशु ने अधीक्षक पर अभद्रता व अश्लील हरकत के आरोप लगाए जबकि अन्य ने समय पर वेतन न मिलने, वेतन में अनुचित कटौती तथा धन उगाही जैसे आरोप भी लगाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने शिकायतों की निष्पक्ष जाँच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी अधीक्षक पर तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़ी रहीं। आश्वासन से असंतुष्ट महिलाओं ने पहले सीएचसी परिसर में नारेबाजी की, इसके बाद चौराहे पर पहुँचकर हाईवे जाम कर दिया। काफी देर तक मार्ग बाधित रहने से आवागमन प्रभावित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर बाद महिलाएँ बस से जिला मुख्यालय के लिए रवाना हो गई। आपको बताते चलें की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा में सीएचसी अधीक्षक पर इससे पूर्व भी कई गंभीर आरोप लगे हैं लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते सीएचसी अधीक्षक पर कार्यवाही नहीं हुई है। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक से जानकारी लेने के लिए उनके नंबर पर फोन किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

0 Comments