रिपोर्ट - संतोष मिश्रा
बहराइच :- जिले की रूपईडीहा पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहे पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से भारतीय मुद्रा, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस तथा कई महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
थाना प्रभारी रूपईडीहा रमेश सिंह रावत ने बताया कि पुलिस अधीक्षक बहराइच के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी नानपारा पहूप सिंह के नेतृत्व में थाना रूपईडीहा पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि 12 जनवरी को दोपहर लगभग 12 बजे एसएसबी चेक पोस्ट पर आ रही नीली बत्ती व हूटर लगी इनोवा क्रिस्टा कार को रोका गया। वाहन में सवार पांचों व्यक्ति खुद को सचिवालय का प्रमुख सचिव बताते हुए रौब झाड़ने लगे। संदेह होने पर जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से इलेक्ट्रॉनिक चिप डिवाइस, कुल ₹2,17,480 नकद तथा कई महंगे मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धर्मेन्द्र सिंह, शुभम बाजपेई, अनमोल यादव, सचिन सिंह एवं स्वप्निल सहाय, सभी निवासी लखनऊ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से आईफोन, सैमसंग, ओप्पो, वीवो कंपनी के मोबाइल फोन, नकदी, एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में थाना रूपईडीहा पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

0 Comments