रिपोर्ट - मिथिलेश जायसवाल
बहराइच । विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान अन्तर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 283-नानपारा के समस्त बूथों पर आयोजित मेगा कैंप एवं खुली बैठकों में बूथ लेबिल अधिकारियों द्वारा आलेख्य निर्वाचक नामावली को पढ़कर सुनाया गया तथा इच्छुक मतदाताओं से प्रपत्र 6, 7 व 8 भी प्राप्त किए गये।
उप जिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी ने बताया कि मतदेय स्थलों पर आयोजित होने वाले मेगा कैम्प एवं खुली बैठक को सफल बनाये जाने के उद्देश्य से सभी सम्बन्धित बीएलओ के साथ-साथ बीएलए, सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, क्षेत्रीय लेखपाल, नगरीय क्षेत्रों में संबंधित नगर निकाय के क्षेत्रीय कर्मचारी जैसे टैक्स कलेक्टर, सैनेटरी इंस्पेक्टर, सफाई नायक, सफाई कर्मी, ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत पंचायत सहायक, रोजगार सेवक इत्यादि, उचित दर विक्रेता, स्वयं सहायता समूह के सदस्य, विद्युत विभाग के लाइन मैन व मीटर रीडर, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, विद्यालय के अध्यापक इत्यादि द्वारा उपस्थित रहकर सहयोग प्रदान किया गया।
उप जिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी द्वारा भाग संख्या 179 व 180 प्रा.वि. मेहरबान नगर एवं 156 से 160 कृषि उत्पादन मण्डी समिति नानपारा का स्वयं निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सम्बन्धित बीएलओ, सुपरवाइजर, बीएलए व अन्य सहयोगी कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में मतदाता गण उपस्थित मिले। एसडीएम ने कामिकों को निर्देश दिया कि इस पूरी कवायद का मकसद त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना है। इसलिए बूथ पर आने वाले आमजन व मतदाताओं से प्रपत्र 6, 7 व 8 भरवायें तथा आलेख्य निर्वाचक नामावली (ड्राफ्ट सूची) को पढ़कर लोगों को सूची में नाम होने या न होने के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान की जाये। श्रीमती जौहरी ने सभी सम्बन्धित कार्मिकों निर्देश दिया कि बूूथ पर आने वालों से मित्रवत व्यवहार करें तथा उन्हें हर संभव अपेक्षित सहयोग भी प्रदान करें।

0 Comments