सुजानगंज/जौनपुर :--जब तक हिंदू समाज जातियों में बटा रहेगा छूआ छूत जैसी कुरीतियों का शिकार बना रहेगा तब तक राष्ट्र की एकता और अखंडता की कल्पना नहीं की जा सकती है। उक्त उद्गार क्षेत्र के अंबेडकर पार्क शांति नगर में सकल हिंदू समाज द्वारा आयोजित हिंदू सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि खंड संघ चालक श्याम शंकर पांडे ने व्यक्त किया ।उन्होंने समाज का आह्वान करते हुए पंच परिवर्तन को आत्मसात करने की बात कही।पंच परिवर्तन के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता तथा पास पड़ोस रहने वालों के साथ उसकी जाति पांति के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव न करें। पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत हम प्रकृति प्रदत्त संसाधनों के दुरुपयोग से बचें।यथा संभव प्लास्टिक के उपयोग से बचें। हरे वृक्षों का कटान बंद कर अधिकाधिक वृक्ष तैयार करें।कुटुंब प्रबोधन का अर्थ है पश्चिमी स्वच्छंदतावाद का बढ़ना समाज को अराजकता की तरफ ले जाएगा। स्वच्छंदतावाद सनातन संस्कृति का अंग नहीं है। इसको नियंत्रित करें और सम्मिलित परिवार पर बल दें। पारिवारिक संबंधों को मधुर और मजबूत बनाए। खूनी संबंधों को सम्मान दें । "स्व"का अर्थ है कि हम सबको स्वदेशी जीवन शैली स्वदेशी खान पान स्वदेशी वेशभूषा ही प्रत्येक व्यक्ति और प्रत्येक परिवार को अपनानी चाहिये। पांचवा और अंतिम बिंदु है नागरिक कर्तव्य बोध है। हम जिस प्रकार अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हैं उसी प्रकार अपने दायित्व के प्रति भी सजग रहने की आदत डालें। इसके पूर्व शीतला प्रसाद मिश्र ने लोगों का आह्वान किया कि मंदिरों का संरक्षण और संवर्धन होना समय की आवश्यकता है अपने संतति को सनातन संस्कृति के बारे में बचपन से ही बताएं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंबेडकर पार्क के संस्थापक पेंटर अमर नाथ गौतम, संचालन छोटेलाल सरोज ने किया। कार्यक्रम में राम दुलारे सिंह, छोटे लाल पटेल, कैसे कुमार यादव, बृजेश मिश्रा, सांवले गिरी आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही ।कार्यक्रम के अंत में मनोज सिंह रिंकू ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

0 Comments