जर्जर संजय सेतु के शीघ्र निर्माण की मांग
बहराइच :-- कैसरगंज क्षेत्र के युवाओं ने 25 दिसंबर को 'संजय सेतु संघर्ष दिवस' के रूप में मनाते हुए जरवल रोड स्थित घाघरा पुल (संजय सेतु) के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने जर्जर पुल के शीघ्र निर्माण और मरम्मत की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पुल में गहरी दरारें, खुले जोड़ और ढीले नट-बोल्ट हैं। भारी वाहनों के गुजरने पर पुल में कंपन होता है, जिससे बड़े हादसे का खतरा बना रहता है और अक्सर लंबा जाम लगता है।
युवाओं की मुख्य मांग है कि जल्द से जल्द एक नया पुल बनाया जाए और मार्ग को सिक्स लेन में परिवर्तित किया जाए। उनका कहना है कि सरकार द्वारा फंड स्वीकृत होने के बावजूद अभी तक नए पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है, जिससे आवागमन में बाधा आ रही है और सुरक्षा जोखिम बढ़ गया है।
इस प्रदर्शन से दो दिन पहले संजीव सिंह राठौर ने भी घायल संजय सेतु के शीघ्र निर्माण की मांग को लेकर विधानसभा के सामने प्रदर्शन किया था। कैसरगंज के युवाओं ने अमर सिंह 'तरुण' के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया, जिसमें रूपेश गुप्ता, अखिलेश सिंह 'अंशु', मनोज यादव, आशीष प्रजापति, अफजल खान, मंटू, मनोज जायसवाल, विशाल सिंह 'शुभम', गुड्डू सिंह, पुत्तू पंडित और रोशन सिंह सहित कई स्थानीय लोग शामिल थे।

0 Comments