जिला अधिकारी ने बीडीओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

 


गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण व डिजिटाइजेशन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा

रिपोर्ट - मोहम्मद अरशद


जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने शनिवार को खंड विकास अधिकारी सिकरारा के कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण में जिलाधिकारी ने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की प्रगति को बारीकी से परखा। डिजिटलाइजेशन के दौरान उत्पन्न तकनीकी व कार्यगत समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डॉ. दिनेश चंद्र ने खंड विकास अधिकारी को स्पष्ट रूप से कहा कि बूथ वार प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा की जाए। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जिन बूथों पर कल प्रगति संतोषजनक नहीं थी, वहां आज सुधार दिखना ही चाहिए। डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर नियमित रूप से कार्य हो, ताकि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की रफ्तार तेज हो सके।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि गणना प्रपत्रों के वितरण व फीडिंग कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ से दूरभाष के माध्यम से बातचीत कर गणना प्रपत्रों के वितरण और संग्रहण की स्थिति की जानकारी भी ली। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी, कार्यालय के कर्मचारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments