रिपोर्ट - प्रभात सिंह
बरसठी / जौनपुर| शासन की मंशा के अनुरूप रविवार को बरसठी थाना क्षेत्र के मियां चक और निगोह बाजार में पुलिस विभाग की ओर से जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ढोल-ताशे की थाप पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की नई धाराओं और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता थाना प्रभारी देवानंद रजक ने की। उन्होंने कहा कि कानून का ज्ञान हर नागरिक के लिए आवश्यक है, ताकि वह अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रह सके। नाट्य प्रस्तुति के दौरान मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी और महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098 और 112 के बारे में जागरूक किया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक कर अपराध रोकथाम में सहभागिता सुनिश्चित करना भी है। इस मौके पर कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल उमाशंकर सिंह, अखिलेश यादव, पवित्र भूषण तिवारी, शेर बहादुर यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

0 Comments