फतेहपुर :- जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के लमेहटा गांव में रविवार तड़के हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। जहां पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर एक युवक ने पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। दोनों के शव एक ही चारपाई पर खून से लथपथ पड़े मिले। पुलिस ने मौके से तमंचा और दो खोखे बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी मुकेश निषाद (30 वर्ष) और उसकी पत्नी गुड़िया (27 वर्षीय) दोनों ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था और दिल्ली में रहकर मजदूरी करते थे। एक महीने पहले ही वे गांव लौटे थे। दंपती की तीन बेटियां हैं जिनमें सबसे बड़ी की उम्र पाँच साल और सबसे छोटी आठ माह की है।
पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात दोनों अपने कमरे में सोने गए थे। सुबह करीब चार बजे मुकेश की मां शांति देवी ने कमरे से आवाज न आने पर झांका, तो बेटे और बहू को खून से लथपथ पड़ा देखा। मुकेश अपनी पत्नी के ऊपर पड़ा था और उसके पास तमंचा पड़ा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का लग रहा है।परिजनों के मुताबिक मुकेश पिछले कुछ महीनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। उसका इलाज दिल्ली में चल रहा था और वह अक्सर किसी अनहोनी की आशंका जताता था। कुछ दिन पहले उसने अपने एक रिश्तेदार को फोन पर बताया था कि उसे डर है कोई उसे फंसा सकता है।
एएसपी महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच चरित्र को लेकर विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल मोबाइल कॉल डिटेल, रिश्तेदारों के बयान और घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
महिला पक्ष की ओर से हत्या की आशंका जताई गई है, इसलिए अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।

0 Comments