घर में खेल रही बच्ची को खींच ले गया आदमखोर , ग्रामीणों ने दौड़कर बचाई बच्ची की जान, जिला अस्पताल रेफर


रिपोर्ट -  अबू शहमा 

बहराइच :--  कैसरगंज तहसील क्षेत्र में एक  घर के अंदर खेल रही सात साल की बच्ची पर जंगली जानवर ने हमला कर उसे खींच अपने जबड़े में दबाकर भागने लगा। ग्रामीणों के पीछा करने पर जंगली जानवर बच्ची को गन्ने के खेत में छोड़कर भाग गया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।यह घटना राम चन्दर प्रधान पुरवा गो.  नंबर 3 में दोपहर करीब तीन बजे हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के गंगाराम की सात वर्षीय बेटी नेहा अपने कच्चे मकान के अंदर खेल रही थी, तभी एक भेड़िए ने उस पर हमला कर दिया। नेहा की मां, परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर भेड़िए के पीछे दौड़े। करीब 500 मीटर दूर गन्ने के खेत में भेड़िया बच्ची को छोड़कर भाग निकला।हमले में बच्ची के पेट, पीठ और हाथ पर गहरे घाव आए हैं। उसे तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कैसरगंज तहसील और थाना क्षेत्र में आदमखोर भेड़िए के हमले लगातार सामने आ रहे हैं।प्रभागीय वनाधिकारी राम सिंह यादव ने बताया कि जंगली जानवर द्वारा बच्ची पर हमला करने की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम मौके पर लगातार कॉम्बिंग कर रही है और ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन अभी तक जानवर दिखाई नहीं दिया है।

Post a Comment

0 Comments