शाहगंज (जौनपुर)। मिशन शक्ति 5.0 के तहत शनिवार को शिवब्रत स्कूल की इंटरमीडिएट की मेधावी छात्रा 15 वर्षीय सारा चौधरी पुत्री राकेश चौधरी निवासी सुरिस को एक दिन के लिए तहसीलदार बनाया गया।
सुबह तहसीलदार आशीष सिंह, कानूनगो संजय सिंह और लेखपाल ऋतुराज चौधरी,भावेश एडवोकेट ने उनका स्वागत किया। सारा ने तहसीलदार की कुर्सी संभालकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं ।जिसमे जमीन सम्बन्धी मामलों को संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उनकी समझदारी और तत्परता देखकर सभी प्रभावित हुए।
नगर में बढ़ते बंदरों के आतंक की शिकायत पर सारा ने तत्काल नगर पालिका अधिकारी को फोन कर बंदरों को पकड़वाने और सुरक्षित स्थान पर छोड़े जाने के आदेश दिए। इस त्वरित निर्णय पर तहसील परिसर तालियों से गूंज उठा।
सारा ने कहा कि अफसर बनने का मतलब जनता की समस्याएं सुनकर उनका समाधान करना है। तहसीलदार आशीष सिंह ने कहा कि यह पहल छात्राओं के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने वाली है।
दिनभर के अनुभव के बाद सारा ने साबित किया कि बेटियां अवसर मिलने पर हर जिम्मेदारी बखूबी निभा सकती हैं।

0 Comments