पुलिस की मुठभेड़ में दो बदमाश घायल दो साथी गिरफ्तार

 


जौनपुर :-- जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में बीती रात मीरगंज और मुंगराबादशाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए जबकि दो अन्य बदमाशों को घेराबंदी करके पकड़ लिया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए आवश्यक कार्यवाही की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह ने बताया कि थाना मीरगंज व मुंगराबादशाहपुर की संयुक्त पुलिस टीम बीती रात गश्त पर थी। इसी दौरान सेमरी पुलिया अंडरपास से आगे करौर–मुंगरा रोड स्थित ग्राम सेमरी के पास पुलिस को संदिग्ध वाहन दिखाई दिया। रोकने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों को गोली लगी और दो अन्य को घेराबंदी कर दबोच लिया गया।

घायल बदमाशों की पहचान आसिफ उर्फ बुनेल उर्फ सलीम पुत्र कल्लू निवासी मोहद्दीनपुर थाना गंभीरपुर, आजमगढ़ और कविनाश उर्फ करिया पुत्र प्यारेलाल हरिजन निवासी मोहम्मदपुर भिटिया थाना गंभीरपुर, आजमगढ़ के रूप में हुई है। गिरफ्तार बदमाशों में नूर आलम पुत्र लियाकत अली व मुदस्सिर पुत्र अयूब, दोनों निवासी मंगरावा रायपुर थाना गंभीरपुर, आजमगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने मौके से एक पिकअप वाहन, नकदी, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।

एएसपी ग्रामीण ने बताया कि घायल बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, हत्या के प्रयास, लूट और रंगदारी जैसे करीब 13 और 8 मुकदमे विभिन्न थानों में पंजीकृत हैं। पुलिस की टीम ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि अन्य दो से पूछताछ जारी है।

Post a Comment

0 Comments