मित्रों के साथ मेला देखने गए युवक की हत्या, आरोपी मित्र गिरफ्तार



हत्या कर शव को नदी में फेंका

रामपुर / जौनपुर  :-- स्थानीय थाना क्षेत्र में एक युवक अपने मित्रों के साथ मेला देखने आया था जहां मित्रों ने उसकी हत्या कर दी। शव मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार वाजिदपुर गांव निवासी 20 वर्षीय शुभम पुत्र बघेलू गौतम शनिवार की शाम अपने तीन दोस्तों रणजीत, शुभम और लकी के साथ मेला देखने रामपुर बाजार गया था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा, तो उसके साथियों ने उसकी मां शांति देवी को बताया कि मेला में शुभम कहीं गायब हो गया है।  परिजन पूरी रात तलाश में जुटे रहे लेकिन कोई पता नहीं चला।रविवार सुबह शांति देवी ने थाना रामपुर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार को घटना की जानकारी दी। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने तीनों नामजद युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में तीनों ने कबूल किया कि उन्होंने शुभम की चाकू से हत्या कर शव को बोरे में भरकर मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सरौना गांव स्थित बसुही नदी में फेंक दिया। पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर नदी से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतक के बांये कनपटी पर कई बार चाकू से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का पिता बघेलु गौतम रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में अपने बड़े बेटे के साथ रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही वे गांव के लिए रवाना हो गए हैं। क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गिरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि, “11 अक्टूबर  को थाना रामपुर क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में शुभम पुत्र बघेलु की हत्या रणजीत, शुभम एवं लकी नामक तीन दोस्तों द्वारा की गई है। तीनों में से दो नाबालिग हैं। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक ने पूर्व में अभियुक्तों में से एक की पिटाई की थी, जिससे रंजिश के चलते यह घटना हुई।

Post a Comment

0 Comments