रिपोर्ट - विजय बाजपेयी
नानपारा/ बहराइच। शनिवार सुबह खून से लथपथ युवक का शव उसी के बरामदे में पड़ा मिला, घटना से गांव में सनसनी फ़ैल गई लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया। खैरीघाट थाना क्षेत्र के अलीनगर कला गांव निवासी जाकिर अली(35) पुत्र शाकीर अली का खून से लथपथ शव उसी के बरामदे में पड़ा मिला। परिजन घर के अंदर सोए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फ़ैल गई। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि जाकिर की गला रेत कर हत्या दूसरी जगह कर उनका शव लाकर उसी के बरामदे में छोड़ा गया है। मृतक की पत्नी हसीना के मुताबिक शुक्रवार की रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद मृतक जाकिर अली रोज की तरह टहलने निकले थे। काफी देर रात तक घर वापस नहीं लौटे तो फ़ोन किया गया। लेकिन फोन लगा नहीं। घर का दरवाजा बाहर से बंद था। मृतक की पत्नी जमीनी विवाद का जिक्र कर रही है। जबकि गांव के लोग दबी जुबान कुछ और कह रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी हसीना सहित दो लड़के तथा चार लड़कियां छोड़ गया है। मृतक लकड़ी काटने का काम करता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राशिद अली खान ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। युवक की गला रेत कर हत्या हुई है।

0 Comments