रिपोर्ट - रंजीत तिवारी
गोंडा :- जिले की पुलिस ने खरगूपुर थाना क्षेत्र के शिवगढ़ निवासी गंगासागर की हत्या का सफल अनावरण करते हुए मृतक के कातिल उसके अपने कलयुगी पुत्र को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही के लिए चालान न्यायालय भेज दिया है।
दिनांक 13.09.2025 को थाना खरगूपुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम शिवगढ़ निवासी गंगासागर व उनका पुत्र अनोखीलाल लकड़ी काटने हेतु कुआनों जंगल गए थे जहां पर अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। जिसमें गंगासागर की मौके पर ही मृत्यु हो गयी तथा अनोखीलाल घायल हो गया है जिसे उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस सूचना पर तत्काल पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा स्थानीय पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। मृतक के शव के पंचायतनामा की कार्यवाही कर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया। फील्ड यूनिट/डॉग स्क्वायड टीम को घटना स्थल पर बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही करायी गयी। मृतक के पुत्र अलख राम की लिखित तहरीर पर थाना खरगूपुर में अज्ञात अभियुक्तों के विरूद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए घटना के सफल अनावरण हेतु अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत के नेतृत्व में एसओजी/सर्विलांस सहित 05 पुलिस टीमों का गठन कर थानाध्यक्ष खरगूपुर को अभियुक्तों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में आज दिनांक 16.09.2025 को तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्य संकलन के आधार पर पुलिस टीम द्वारा घटना का सफल अनावरण करते हुए हत्यारोपी अभियुक्त अनोखीलाल पुत्र स्व गंगासागर निवासी शिवगढ थाना खरगूपुर जनपद गोण्डा को कुआनो जंगल शिवगढ से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही से आलाकत्ल 01 अदद लोहे का बांका बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ में अनोखीलाल द्वारा बताया गया कि वह 3 भाई हैं जिसमें वह सबसे भाई है। आरोपी का पिता वर्तमान में अपने सबसे छोटे पुत्र (अभियुक्त के सबसे छोटे भाई) के साथ रहता था तथा अपनी सम्पत्ति उसी को दान करना चाहता था जिसको लेकर अभियुक्त व उसके पिता में विवाद रहता था । अभियुक्त ने हाल ही में अपनी पुत्री का विवाह किया था, जिसके कारण वह आर्थिक कर्ज में था और पिता से आर्थिक सहयोग चाहता था। पिता द्वारा आर्थिक मदद से इनकार करने पर अभियुक्त क्षुब्ध हो गया। उसने पूर्व सुनियोजित योजना के तहत लकड़ी काटने का बहाना बनाकर अपने पिता के साथ कुआनो जंगल में ले गया, जहां पैसों को लेकर दोनों में तीखी बहस हुई । इसी दौरान अभियुक्त ने धारदार हथियार बांका से अपने पिता की गला रेतकर हत्या कर दी । अभियुक्त ने घटना को छिपाने और स्वयं को बचाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी और हत्या का दोष दो अज्ञात व्यक्तियों पर लगाया । इस प्रकार अभियुक्त अनोखीलाल द्वारा मनगढंत चोर सम्बन्धी कहानी रचकर सुनियोजित तरीके से अपने पिता की हत्या की गयी व आलाकत्ल बांका थोड़ी दूर पर फेंक दिया जिसे अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया है

0 Comments