एक दिन की थानाध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने सुनी जनसमस्याएं

 


सुजानगंज/ जौनपुर :--  मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत सुजानगंज स्थित जे.पी. इंटरनेशनल कालेज की कक्षा 12 की छात्रा श्वेता मिश्रा को एक दिन के लिए सुजानगंज थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया। यह पहल पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर की गई। थानाध्यक्ष के रूप में श्वेता मिश्रा ने थाने पर फरियादियों की समस्याएं सुनी। उन्होंने निधिपट्टी, प्रतापगढ़ के दीपक, बरपुर सुजानगंज की बबना देवी और खेमपुर सुजानगंज के राम आसरे से प्राप्त प्रार्थना पत्रों की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए अधीनस्थों को आदेश दिए।

उन्होंने अंबाजी धाम बसही और श्री गौरी शंकर मंदिर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिशन शक्ति के अंतर्गत छात्राओं और महिलाओं को जागरूक किया। श्वेता मिश्रा ने थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए साइबर सेल, सोशल मीडिया सेल, आईजीआरएस सेल, मलखाना और महिला डेस्क का जायजा लिया और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर छात्राओं को थाने की कार्यप्रणाली, एफआईआर पंजीकरण प्रक्रिया और महिला अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। उन्हें 1090, 1930, 112, 1098, 108 और 181 जैसी डायल सेवाओं के बारे में भी बताया गया। छात्राओं को आश्वस्त किया गया कि वे निडर होकर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकती हैं और पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और बालिकाओं में सकारात्मक सोच विकसित करना है, ताकि वे समाज में सशक्त नारी शक्ति बनकर विकास में समान भागीदारी निभा सकें। महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे एम्बुलेंस सेवा-1098, चाइल्ड लाइन-108, स्वास्थ्य सेवा-102, गर्भवती महिला हेल्पलाइन-181 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 के बारे में भी बताया गया। गुड टच, बैड टच, घरेलू हिंसा और कानूनी प्रावधानों पर भी चर्चा की गई।

इस दौरान थाना प्रभारी फूलचंद पांडे, उप निरीक्षक राम भवन यादव, राजनाथ यादव, हेड कांस्टेबल प्रदीप पटेल, महिला आरक्षी पल्लवी सिंह, पूर्णिमा और संध्या सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments