मोतीपुर बहराइच :-- क्षेत्र में जंगली जानवर का आतंक इतना बढ़ गया है कि ग्रामीण के अहाते में घुसकर पालतू मवेशी को निवाला बनाया है जिससे गांव में दहशत है। ग्रामीणों ने पिंजरा लगाकर तेंदुआ पकड़ने के लिए वन विभाग से गुहार लगाई है।कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के रेंज मोतीपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत गोपिया के मजरा बोटनिहा गांव में शुक्रवार तड़के सुबह चार बजे के आसपास तेंदुए ने किशोरी लाल राजपूत पुत्र अवध राम के अहाते में बंधे बछड़े को उठाकर पास में स्थित प्रेम कुमार के गन्ने के खेत में ले जाकर निवाला बनाया। सुबह पांच बजे जब किशोरी लाल राजपूत सोकर उठे तो बछड़ा गायब था ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की तो निकट गन्ना के खेत में बछड़े का छत विक्षत शव दिखाई दिया। पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना 112 पुलिस तथा वन विभाग को दी मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम ने मुआइना किया और ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा। पीड़ित किशोरी लाल ने मुआवजे की मांग करते हुए गांव में पिंजरा लगाकर तेंदुआ को पकड़ने की मांग की है। वही गांव निवासी संतोष राजपूत ने बताया कि गांव में हुई घटना से लोग डरे हुए हैं। घटनास्थल से महज सौ मीटर की दूरी पर प्राथमिक स्कूल का संचालक होता है जिससे बच्चों को भी खतरा है उन्होंने पिंजरा लगाकर तेंदुआ पकड़ने की मांग की है।

0 Comments