रिपोर्ट -- रंजीत तिवारी
गोण्डा :-- जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र के शिवगढ़ चौराहा निवासी गंगा सागर विश्वकर्मा (65) और उनके पुत्र अनोखी विश्वकर्मा (46) पर शनिवार सुबह लगभग 11 बजे अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना जंगल में उस समय हुई जब दोनों लकड़ी काटने के लिए गए हुए थे। हमले में गंगा सागर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनोखी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अनोखी का बयान दर्ज किया और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हमलावरों की तलाश में जंगल और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें भारी संख्या में पुलिस बल और गांव वाले शामिल थे। हालांकि, अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है और हमलावर पुलिस की पकड़ से काफी दूर हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किया और जांच शुरू कर दी। घटना से परिवार में शोक की लहर है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। घटना के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल, परिवार और गांव वाले न्याय की मांग कर रहे हैं और पुलिस से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।

0 Comments