प्रयागराज :-- जिले के मऊआइमा क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े एक आभूषण कारोबारी की गला रेत कर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों ने दौड़ाकर एक हमलावर को पकड़ लिया, सूचना पर पहुंची पुलिस पकड़े गए हमलावर को हिरासत में लेते हुए आवश्यक कार्यवाही में जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को घर से दुकान जा रहे आभूषण कारोबारी अमन सोनी (22) पुत्र अजय सोनी निवासी रमना मानी उमरपुर बाराडीह में आभूषण की दुकान चलाता था। कलुआपुर मजरा हरखपुर गांव के पास छोटी नहर के किनारे घात लगाए तीन युवकों ने उसे घेरकर चाकुओं से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो युवक वार कर रहे थे जबकि तीसरा पहरा दे रहा था। हमला करने के बाद आरोपियों ने शव को नहर में फेंक दिया और बाइक से फरार होने लगे। इस दौरान एक युवक बाइक पर सवार नहीं हो सका जिसे ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान शुभम पुत्र रामसेवक पटेल निवासी बाराडीह के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस पकड़े गए हमलावर को हिरासत में लेते हुए मृतक के भाई अजय सोनी की तहरीर पर तीन नामजद शुभम, प्रेम कुमार पटेल व देवेन्द्र पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई। गिरफ्तार हमलावर ने पुलिस को बताया कि गहना बनाने का ऑर्डर और एडवांस देने के बहाने अमन को बुलाया गया था।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मऊआइमा थाना चौराहे पर हाईवे जाम कर दिया। उन्होंने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की। जाम से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। एसीपी पंकज लवानिया ने किसी तरह से समझा बुझा कर जाम खुलवाया। घटना कि जानकारी मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष गंगापार निर्मला पासवान भी मऊआइमा थाने पहुंची और एसीपी फूलपुर पंकज लवानिया को सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया तथा मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और हर सम्भव मदद का भरोसा दिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से बृजेश त्रिपाठी, श्याम सुंदर दुबे, जिला मीडिया प्रभारी भाजपा गंगापार उमेश तिवारी, मंडल अध्यक्ष धर्मेन्द्र सरोज शंभू नाथ पटेल संजीव द्विवेदी, विजय सिंह,राजू शुक्ला, डॉ0 प्रकाश पटेल, शिवबाबू मोदनवाल महेश माली संजय यादव गुड्डू राजा आदि मौजूद रहे।

0 Comments